कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी : उपायुक्त

Agriculture

Eksandeshlive Desk

मेदिनीनगर (पलामू) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में कृषि, आत्मा शासकीय निकाय, पशुपालन, गव्य विकास, सहकारिता, मत्स्य, उद्यान एवं जिला भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार जानकारी ली और लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाएं सीधे किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ी हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कृषि विभाग की समीक्षा में बीज वितरण, फसल विविधीकरण, कृषि यंत्रीकरण एवं अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। आत्मा के माध्यम से किसानों को दी जा रही प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग की समीक्षा में दुग्ध उत्पादन, पशु टीकाकरण एवं विभिन्न योजनाओं के लाभुकों की स्थिति की जानकारी ली गयी।

उपायुक्त ने पशुपालकों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। मत्स्य एवं उद्यान विभाग की समीक्षा के दौरान मत्स्य उत्पादन, बागवानी विस्तार एवं संबंधित योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और बढ़ाने पर जोर दिया गया। सहकारिता विभाग को किसानों के हित में ऋण वितरण एवं अन्य सेवाओं को सरल बनाने के निर्देश दिए गए।इस दौरान उपायुक्त ने किसान क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि जिले में केसीसी की उपलब्धि अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। इस पर उन्होंने लीड बैंक मैनेजर के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला भूमि संरक्षण विभाग की समीक्षा में जल संरक्षण एवं भूमि सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही साथ ही जिन योजनाओं में लाभुक को अंशदान मिलता है, वैसे लाभुकों को कृषक पाठशाला में सेमिनार आयोजित करने पर बल दिया। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love