गारू प्रखंड: शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन

Ek Sandesh Live Religious

MUKESH KUMAR

गारू: गारू प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा का त्योहार इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण कर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। गारू बाजार युवा शक्ति संघ, देवी मंडप, कबारी, बारेसाढ़, रूद एवं सरजू सहित कई स्थानों पर पूजा समितियों द्वारा विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजा समितियों के सदस्यों और ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से पूजा का आयोजन किया। विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और लोगों ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान पूजा समितियों और स्थानीय ग्रामीणों ने आपसी तालमेल बनाए रखा, जिससे क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।

दुर्गा पूजा के समापन के बाद 20 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया। इस दौरान गारू थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा एवं बारेसाढ़ थाना प्रभारी के संयुक्त सहयोग से विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया गया। पुलिस प्रशासन ने विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूजा समितियों और ग्रामीणों के सहयोग से पूरे क्षेत्र में किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना के बिना विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से दुर्गा पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन संपन्न होने पर पूजा समितियों, ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Spread the love