आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की आत्महत्या या साजिश,निष्पक्ष जांच की मांग: भाकपा

360° Ek Sandesh Live

News by Akbar Ansari


रामगढ़: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने बयान जारी कर कहा है। समाज और पूरे झारखंड के हक-अधिकार के लिए हमेशा मुखरता से आवाज उठाने वाली निडर, लड़ाकू आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की आत्महत्या की खबर बेहद हृदयविदारक और स्तब्ध कर ने वाली है। निशा भगत एक निडर, लड़ाकू आदिवासी महिला नेत्री थीं। उन्होंने अपना जीवन जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी अधिकारों, महिलाओं के सम्मान और वंचितों की आवाज के लिए समर्पित कर दिया था।जानकारी के अनुसार, उन्होंने फेसबुक लाइव आकर आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया। इससे यह स्पष्ट होता है, कहीं न कहीं किसी न किसी के द्वारा उन्हें मानसिक प्रताड़ना या दबाव दिया जा रहा था। तभी एक मजबूत और लड़ाकू नेत्री को यह कदम उठाना पड़ा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, झारखंड मांग करती है कि इस पूरे मामले की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। फेसबुक लाइव वीडियो और उनसे जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच हो। उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले, दबाव बनाने वाले जमीन दलालों, जमीन माफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच हो और दोषियों पर कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई हो।पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा और मुआवजा मिले। ताकि भविष्य में किसी और की आवाज को इस तरह दबाने की हिम्मत कोई न कर सके। पाठक ने कहा है कि यह सिर्फ एक महिला की क्षति नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और झारखंड के संघर्ष पर एक गहरा आघात है।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करती है। पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

Spread the love