सोहराय जतरा सह बरद खूंटा मेला संपन्न,पारंपरिक लोक संस्कृति की दिखी अनूठी छटा

360° Ek Sandesh Live

मेसरा/​ओरमांझी (रांची): रांची-हजारीबाग की मुख्य सड़क मार्ग से सटे ओरमांझी प्रखंड के सुदूरतवर्ती गांव हलवाड़ी गांव में मंगलवार (10 नवंबर) को सोहराय जतरा सह बरद खूंटा मेला हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति और लोकजीवन की अनूठी छटा देखने को मिली,जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। दोपहर से शाम तक चले नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि सह झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सोहराय पर्व प्रकृति और पशुधन के प्रति सम्मान का प्रतीक है। बरद खूंटा जैसी परंपराएं हमारी लोक आस्था और ग्रामीण जीवन से गहराई से जुड़ी हैं,जिन्हें संरक्षित रखना नई पीढ़ी के लिए बेहद जरूरी है। विशिष्ट अतिथि सह पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाली यह लोकपरंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखती है। वहीं,पूर्व प्रमुख जय गोविंद उर्फ लालू साहू ने अपने बयान में कहा कि ओरमांझी क्षेत्र की यह ऐतिहासिक माटी अपनी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं के लिए जानी जाती है। सोहराय और बरद खूंटा मेला हमारी आपसी आत्मीयता,भाईचारे और लोकसंस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। इस दौरान आजसू प्रत्याशी रामधन बेदिया,जिला अध्यक्ष संजय महतो,प्रमुख अनुपमा देवी,जिप सदस्या सरीता देवी,जिप सदस्य कमिश्नर मुंडा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता सोनाराम महतो ने की। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र महतो,सचिव पारसनाथ महतो,कोषाध्यक्ष प्रेम बेदिया,सहसचिव संदीप महतो और उपकोषाध्यक्ष योगेन्द्र महतो समेत अन्य सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।

Spread the love