रिपोर्ट-अशोक अनन्त
(चतरा) पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में चोरों ने सोमवार की रात दो घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया. पत्थलगड्डा और बंदरचुआं गांव में चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाया. शिक्षक दशरथ दांगी के घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 60 हजार नकद पर हाथ साफ कर दिया. वहीं, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर कुमार के घर से भी कई सामान व जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिये. शिक्षक दशरथ दांगी ने बताया कि छठ पूजा मनाने के लिए परिवार के सभी सदस्य हजारीबाग स्थित रिश्तेदार के घर गये हुए थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया. इसके बाद कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला. मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा मिला. अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चला. दूसरी घटना में चोरों ने झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर कुमार के घर को निशाना बनाया. उनके घर का ताला तोड़कर कई सामान और दस्तावेज चोरी कर लिये गये. उन्होंने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की. थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि चोरों की पहचान व धर पकड़ के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।
