Eksandeshlive Desk
दुमका: जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के सिलठा गांव में महेश मांझी (21) की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुदाल सहित अन्य सामान जब्त कर लिया है। हत्याकांड में गिरफ्तार मृतक के पिता गोवर्धन मांझी (55), मां फूलो देवी (50) और भाई कार्तिक मांझी (34) को शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। शुक्रवार को हंसडीहा थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त कुदाल सहित अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत खाने को लेकर हुए विवाद से हुई थी। मृतक की मां फूलो देवी के बयान के मुताबिक, महेश ने खाना फेंक दिया था और मां के साथ मारपीट करने लगा था। इसी दौरान गुस्साए पिता गोवर्धन मांझी ने कुदाल से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महेश की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में हंसडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया।छापेमारी दल में जरमुंडी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवल किशोर सिंह, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता दिलीप हांसदा, जिम्मी हांसदा शामिल थे।
