आजसू नेता पियूष चौधरी के प्रयास का असर, सोनडिमरा जारा सड़क मामले का रेलवे विभाग ने लिया संज्ञान

360°

Eksandeshlive Desk

रामगढ़ : जिले के गोला प्रखंड के नावाडीह पंचायत अंतर्गत सोनडिमरा जारा से गोविंदपुरा तक जाने वाली सड़क, जो गोविंदपुर, सबलपुर, घांघरा, जारा, मसरीबेड़ा, नावाबांध, खेरजारा एवं सोनडिमरा जारा सहित लगभग सात गांवों को जोड़ती है, वर्षों से जर्जर अवस्था में है। इस सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए रामगढ़ विधानसभा के समाजसेवी एवं आजसू नेता पियूष चौधरी ने अपने निजी संसाधनों से सड़क की मरम्मत कराकर ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास किया। साथ ही उन्होंने रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर टैग कर सड़क की समस्या से अवगत कराया और स्थायी समाधान की मांग की। पियूष चौधरी की पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया। रेलवे विभाग के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही सड़क की समस्या का स्थायी समाधान होगा। इस अवसर पर पियूष चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र के विकास एवं जनहित के मुद्दों को वे लगातार प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाते रहेंगे ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Spread the love