Eksandeshlive Desk
जगदलपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत सोमवार को दूसरे दिन बस्तर जिले के ग्राम नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैम्प पहुंचे। यहां उन्होंने बलिदान वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को अब गांव में ही आधार अपडेट, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट, जन्म, आय और जाति प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की। डेकी के माध्यम से चांवल उत्पादन एवं उसकी बिक्री से ग्रामीणों महिलाओं की आय वृद्धि तो होगी साथ ही निकलने वाली धान की भूसी से पशुओं को पौष्टिक आहार भी मिलेगा। उन्होंने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से जाना कि कैसे वे इमली बिक्री कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। उन्होंने बस्तर की इमली का स्वाद चखा और कहा कि यहां की इमली में बहुत मिठास है।
समूह की लंबी नाग ने बताया कि इस समूह से जुड़कर वे सालाना एक लाख रुपये तक आय अर्जित कर सकेंगी। गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह में महिलाएं इमली का प्रसंस्करण करके उच्च गुणवत्ता युक्त इमली पल्प तैयार कर रही हैं।केंद्रीय गृहमंत्री ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही महिलाओं से भी मुलाकात की। यहां पर महिलाओं को बेसिक एवं एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विजय कुमारी ने बताया कि यहां से सिलाई सीखने के बाद वे अच्छे से अपने परिवार का पालन पोषण कर पाएंगी। यहां वे ग्राम नेतानार निवासी सुखदेवी से मिले। उसने बताया कि उन्होंने अभी अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है। आधार सेवा केंद्र खुलने से पहले उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर तक जाना पड़ता था। अब यहां पर ग्रामीणों को नया आधार अपडेट, केवायसी, मोबाइल नम्बर अपडेट, ई-आधार जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी। सेवा सेतु केंद्र में सोनामनी ने बताया कि वे बहुत दिन महतारी वंदन योजना का ई केवाईसी कराना चाहती थीं लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वे जा नहीं पा रहीं थीं। गांव में ही केंद्र खुल जाने के कारण आज ही उन्होंने ई केवायसी करा लिया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
