विष्णुगढ़ में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला, एफआईआर दर्ज होने के बाद पत्रकारों में उबाल
विष्णुगढ़/हजारीबाग : थाना क्षेत्र में पत्रकारिता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। अवैध ईंट भट्ठे, अवैध खनन और सरकारी राजस्व की चोरी से जुड़े कथित काले कारोबार का खुलासा करने वाले एक पत्रकार पर दिनदहाड़े हमला कर दिया गया। आरोप है कि भट्ठा माफियाओं ने पत्रकार को बीच सड़क पर घेरकर न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनका मोबाइल छीन लिया और खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पत्रकार संगठनों और सामाजिक लोगों ने इसे “सच की आवाज दबाने की साजिश” बताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के बनासो निवासी एवं पत्रकार पुरुषोत्तम कुमार, पिता बिनोद गुप्ता, बीते 20 मई 2026 को रिपोर्टिंग के सिलसिले में गाल्होबार गए हुए थे। बताया जाता है कि दोपहर करीब 3:50 बजे जब वे अपना काम खत्म कर वापस लौट रहे थे, तभी गाल्होबार मोड़ के समीप पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ित पत्रकार के अनुसार गाल्होबार निवासी चेतलाल साव और पिंटू साव उर्फ पेंटल अपने 4-5 अन्य सहयोगियों के साथ वहां मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर पहले गाली-गलौज की, फिर कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पत्रकार मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद आरोपियों ने मोबाइल वापस किया, लेकिन जाते-जाते मुख्य आरोपी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि आज तो बच गया, अगली बार दिखा तो जान से मार देंगे। बताया जा रहा है कि पत्रकार पुरुषोत्तम कुमार ने हाल ही में क्षेत्र में संचालित एक अवैध ईंट भट्ठे को लेकर खबर प्रकाशित की थी। आरोप है कि उक्त भट्ठे में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला, बालू और बिना अनुमति मिट्टी का उठाव किया जा रहा था, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हो रहा था।
सूत्रों की मानें तो पत्रकार द्वारा इस अवैध कारोबार का खुलासा किए जाने के बाद से ही भट्ठा संचालकों में नाराजगी थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से पत्रकार को डराने, दबाव बनाने और उनकी आवाज को खामोश करने के उद्देश्य से इस हमले को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने विष्णुगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 मई 2026 को विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 69/2026 दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 352, 351(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार सिंह को सौंपी गई है। वहीं अवैध ईंट भट्ठे से जुड़े आरोपों की जांच के लिए शिकायत की प्रतिलिपि अंचल अधिकारी को भी भेजी गई है। घटना के बाद विष्णुगढ़ और हज़ारीबाग के पत्रकारों में भारी रोष देखा जा रहा है। पत्रकारों ने कहा कि यदि सच लिखने वाले पत्रकारों को इस तरह सरेआम धमकाया जाएगा, तो निष्पक्ष पत्रकारिता खतरे में पड़ जाएगी। पत्रकार संगठनों ने प्रशासन से सभी नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, अवैध ईंट भट्ठे पर कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्रकारों ने स्पष्ट कहा की कलम को डराकर सच नहीं दबाया जा सकता।
