हजारीबाग : अवैध शराब के बिक्री, निर्माण, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन में चौपारण थाना एवं गया मद्य निषेध विभाग के संयुक्त सहयोग से चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भगहर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध महुआ चुलाई शराब संचालित किए जा रहे 9 अलग-अलग भट्ठियों पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के क्रम में घटनास्थल एवं आसपास छुपाकर रखे गए लगभग 9500 किलोग्राम किन्वयन योग्य जावा महुआ को विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन आदि को नष्ट करते हुए करीब 460 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। उत्पाद विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनि बागे एवं सय्यद बसीरुद्दीन, उत्पाद आरक्षी अनूप कुमार सिंह तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।
