​बाइक सवार को बचाने के फेर में पलटा 35 टन कंक्रीट लदा मिक्सर ट्रक, टला बड़ा हादसा

360° Ek Sandesh Live

Reporter Mustaffa

​मेसरा (राँची): बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के रूदिया रोड कल्याणी बस्ती के समीप मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते टल गया। एक अनियंत्रित बाइक सवार की जान बचाने के प्रयास में 35 टन रेडी-मिक्स कंक्रीट से लदा अशोक लेलैंड मिक्सर ट्रक (गाड़ी नंबर जेएच 10 डीए 1070) असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही कल्याणी बस्ती के पास अफरा-तफरी मच गई,लेकिन चालक और उपचालक की सूझबूझ से दोनों की जान बाल-बाल बच गई। ​मिली जानकारी के अनुसार,रूदिया रोड स्थित वैद्यनाथ अपार्टमेंट में चल रहे निर्माण कार्य के लिए यह भारी वाहन टाटीसिल्वे स्थित प्लांट से तैयार कंक्रीट लेकर आ रहा था। कल्याणी बस्ती के पास अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में भारी लोड होने के कारण ट्रक चालक का नियंत्रण खो गया और गाड़ी पलट गई। गाड़ी इतनी भारी थी कि उसे सीधा करने के लिए एक या दो नहीं,बल्कि तीन-तीन भारी-भरकम क्रेन बुलानी पड़ीं। ​हादसे की खबर मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी की गश्ती दल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू कराया और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भीड़ को नियंत्रित किया। समाचार लिखे जाने तक तीनों क्रेनों की मदद से पलटे हुए ट्रक को उठाने का प्रयास युद्ध स्तर पर जारी था।

Spread the love