By Mustaffa
मेसरा (रांची): राजधानी के बीआईटी मेसरा ओ.पी. क्षेत्र अंतर्गत पंचौली (पंचायत सचिवालय के पास) में बेखौफ चोरों ने भारी बारिश का फायदा उठाकर एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने बीआईटी यूको बैंक के पूर्व कैशियर अर्जुन प्रसाद सिंह (70 वर्ष) के बंद मकान का ताला तोड़कर लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई संपत्तियों में सोने-चांदी के आभूषण (अंगूठी आदि),कीमती वस्त्र,घरेलू सामग्री और 25,000 (पचीस हजार) रुपये नगद शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार,पूर्व कैशियर अर्जुन प्रसाद सिंह पिछले एक महीने से अति आवश्यक कार्यवश अमेरिका (यूएसए) गए हुए थे। उनकी अनुपस्थिति में मकान की रखवाली के लिए प्रियांसु सिंह और सुमीत मुंडा नाम के दो युवक रात में वहां सोते थे। बीते 19 जुलाई की रात तेज बारिश के कारण प्रियांसु को लौटने में देरी हो गई। जब दूसरा युवक सुमीत देर रात करीब 12:37 बजे मकान पर पहुंचा,तो उसने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और गेट अंदर से बंद था। अंदर से कुछ आवाजें आने पर सुमीत ने तुरंत प्रियांसु और स्थानीय निवासी जगेश्वर महतो को सूचित किया। जब तक ये लोग मौके पर पहुंचे और अंदर दाखिल हुए,चोर सामान समेटकर फरार हो चुके थे। चोरों ने घर के अन्य कमरों के ताले भी तोड़ दिए थे और अलमारी व लॉकर खंगाल डाले थे। घटना की लिखित शिकायत मेसरा ओपी में दर्ज कराई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी ने रविवार सुबह करीब 9:00 बजे घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने चोरों द्वारा वारदात में इस्तेमाल किए गए संदिग्ध उपकरण,जिसमें एक लोहे का पाइप और रिंच शामिल है,को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन और चोरों की तलाश में जुट गई है।
