By Mustaffa
मेसरा/ (रांची): माउंट कार्मल स्कूल,ओरमांझी में वर्ड्स इनोवेशन एंड एजुकेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय एआई,रोबोटिक्स एवं ड्रोन कार्यशाला सोमवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस अत्याधुनिक तकनीकी कार्यशाला में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई),रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक की बारीकियों को सीखा। कार्यशाला का अंतिम दिन व्यावहारिक ज्ञान और नवाचार के नाम रहा। विद्यार्थियों को न केवल ड्रोन के कार्य सिद्धांतों की जानकारी दी गई,बल्कि विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विद्यालय सभागार में खुद ड्रोन उड़ाने का अवसर भी मिला। इस दौरान छात्रों द्वारा निर्मित तकनीकी मॉडलों की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई,जिसमें विद्यार्थियों ने टोल सेंसिंग मशीन, एंटी-कोलिजन सिस्टम और ऑटोमोबाइल सेंसर मॉडल जैसे कई बेहतरीन सेंसर-आधारित प्रोजेक्ट्स का जीवंत प्रदर्शन किया। विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर वर्किंग मॉडल्स की कार्यप्रणाली को समझा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि फादर दीपक ने सभी सफल प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण-पत्र वितरित कर बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल छात्रों में 21वीं सदी के कौशल विकसित करने और उन्हें भविष्य का वैज्ञानिक व इंजीनियर बनाने के लिए ऐसे समृद्ध अवसर प्रदान करता रहेगा। इस सफल कार्यक्रम में कविता कुमारी,अनूरंजना,असद और मो. फिरोज सहित विद्यालय के कई शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित थे।
