By Mustaffa
प्रकृत सात्यम 96.8% अंकों के साथ स्कूल टॉपर,28 विद्यार्थियों को 90 फीसदी से अधिक अंक
मेसरा (रांची): सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा में बूटी गांव (जूमार पूल के पास) स्थित मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर राजधानी का नाम रोशन किया है। इस वर्ष विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 100 फीसदी रहा। परीक्षा में शामिल सभी 219 परीक्षार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। परिणाम घोषित होने के बाद से ही विद्यालय प्रबंधन,शिक्षकों और अभिभावकों में जश्न का माहौल है। जारी नतीजों के अनुसार, प्रकृत सात्यम ने 96.8 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं,आकाश कुमार और समीर कुमार दोनों ने 96.6 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा तनीश कुमार को 96 प्रतिशत, अन्वेशा मनोज को 95.8 प्रतिशत तथा आदिति प्रिया को 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। विद्यालय के 50 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राओं ने डिस्टिंक्शन (प्रथम श्रेणी से उच्च) के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से 28 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। इसके साथ ही,इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी) विषय में विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त कर शत-प्रतिशत का रिकॉर्ड बनाया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन मनरखन महतो,अध्यक्षा उर्मिला देवी,डायरेक्टर मनोज कुमार महतो,प्रबंधक मुकेश कुमार,एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी व पूनम कुमारी और प्राचार्या रेखा नायडू ने संयुक्त रूप से सभी सफल विद्यार्थियों,उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता सभी के सामूहिक प्रयास और समर्पण का प्रतिफल है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
