Eksandeshlive Desk
मोकी (चीन): भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने रविवार को मेजबान चीन को 1-0 से हराकर एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीतकर खिताबी हैट्रिक पूरी की। साथ ही भारतीय टीम ने एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। भारत की जीत की नायिका सानिका चंद्रकांत माने रहीं, जिन्होंने मैच के 17वें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। उनका यह गोल अंत तक निर्णायक साबित हुआ।
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने भी इनाम की घोषणा की है। टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 3 लाख रुपये, जबकि सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। फाइनल मुकाबले की शुरुआत बेहद सतर्क अंदाज में हुई। दोनों टीमों पर दबाव साफ नजर आया। चीन की जूनियर महिला हॉकी टीम ने गेंद पर ज्यादा कब्जा रखते हुए भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार संयम दिखाया। पहले क्वार्टर में स्कोर 0-0 रहा। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत ने बढ़त हासिल कर ली। 17वें मिनट में सानिका ने शानदार गोल कर भारतीय टीम को बढ़त दिला दी। चीन को बराबरी का सबसे बड़ा मौका मैच के एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर पर मिला, लेकिन उसका प्रयास गोल में बदल नहीं सका। हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे रहा।
तीसरे क्वार्टर में चीन ने बराबरी के लिए आक्रामक शुरुआत की और गोल करने का प्रयास किया, लेकिन गोल नहीं कर पाया। अंतिम क्वार्टर पूरी तरह भारतीय डिफेंस के नाम रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी सर्कल के आसपास बेहद अनुशासित और मजबूत रक्षात्मक खेल दिखाया। चीन ने लगातार बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस को भेदने में नाकाम रहा। आखिरी सीटी बजते ही भारत ने 1-0 की शानदार जीत के साथ ट्रॉफी अपने नाम कर ली। भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया। टीम ने एलीट पूल में तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया और फाइनल में चीन को 1-0 से मात देकर खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।
