झारखंड की बांस निर्मित-स्टील बोतल और मग ने भारत टेक्स 2026 में बटोरी खूब सराहना
Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली/रांची : भारत मंडपम में (14 से 17 जुलाई) तक आयोजित भारत टेक्स 2026 में झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित बांस से निर्मित स्टील बोतल और मग देश-विदेश से आए आगंतुकों, खरीदारों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पारंपरिक बांस शिल्प को आधुनिक तकनीक और उपयोगिता से जोड़कर तैयार किए गए ये उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ जीवनशैली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
बांस से निर्मित उत्पाद स्वच्छ प्राकृतिक वातावरण के लिए हैं अनुकूल : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा निर्मित ये उत्पाद अपनी गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और उपयोगिता के कारण लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। बांस और स्टेनलेस स्टील से निर्मित बोतल गर्म एवं ठंडे पेय का तापमान 12 से 14 घंटे तक बनाए रखने में सक्षम है, जबकि बांस, स्टेनलेस स्टील एवं फूड-ग्रेड प्लास्टिक (ढक्कन) से तैयार मग 3 से 4 घंटे तक पेय का तापमान सुरक्षित रखता है। भारत टेक्स 2026 जैसे वैश्विक मंच पर झारखंड ‘लोकल टू ग्लोबल’ की अपनी सोच को साकार कर रहा है। तसर सिल्क, जीआई टैग उत्पादों, हस्तकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित नवाचारों के माध्यम से राज्य वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। अनजनेया बांस क्लस्टर जैसे उद्यम स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाते हुए झारखंड के उत्पादों को नए निर्यात अवसरों से जोड़ रहे हैं।
अनजनेया बांस क्लस्टर झारखंड की समृद्ध बांस शिल्प परंपरा को दे रहा है नई पहचान : अनजनेया बांस क्लस्टर झारखंड की समृद्ध बांस शिल्प परंपरा को आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीक के साथ नई पहचान दे रहा है। क्लस्टर बांस से सजावटी उत्पाद, फर्नीचर एवं लाइफस्टाइल उत्पादों के निर्माण के साथ-साथ लेजर कटिंग, लेजर एनग्रेविंग, सीएनसी राउटिंग एवं कस्टमाइज्ड डिजाइन समाधान जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के उत्पाद तैयार करता है। भारत टेक्स 2026 में 130 से अधिक देशों के 6,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तथा 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की उपस्थिति झारखंड के एमएसएमई, कारीगरों और उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है, और हस्तशिल्प आधारित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ निर्यात एवं निवेश की नई संभावनाओं को भी सशक्त बना रहे हैं।
