AMIT RANJAN
सिमडेगा: सिमडेगा के ठेठईटांगर प्रखंड के ताराबोगा पंचायत अंतर्गत ग्राम जिलिंगा गौरीडुबा में बिजली के गिरे हुए तार की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक असीत बरवा मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार असीत बरवा मोबाइल फोन पर बात करने के लिए घर से निकला था। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में घर के अंदर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलता है। नेटवर्क मिलने के लिए लोगों को अक्सर घर से बाहर निकलकर लगभग कुछ सौ मीटर दूर हडुवासुख नामक ऊंचे स्थान पर जाना पड़ता है। बताया जा रहा है कि असीत बरवा भी उसी दिशा में जा रहा था। रास्ते में खेत के पास बिजली का तार काफी नीचे झूलता हुआ हुआ था। उसकी चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लग गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने खेत में शव देखा, जिसके बाद परिजनों एवं ठेठईटांगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही ठेठईटांगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया।
