बर्तन व्यापारी से 50 हजार की लूट, विरोध करने पर मारी गोली

Crime

Eksandeshlive Desk

पश्चिमी सिंहभूम: जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में शनिवार देर रात लूटपाट के दौरान नकाबपोश अपराधियों ने बर्तन व्यापारी को गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यापारी की पहचान मुर्शिदाबाद निवासी 39 वर्षीय सुरजीत दास के रूप में हुई है। सुरजीत अपने साले संजय दास और साथी कृष्णा प्रामाणिक के साथ गांव में किराए की दुकान लेकर बर्तन का कारोबार करते हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात दो नकाबपोश अपराधी दुकान में पहुंचे और हथियार के बल पर लूटपाट शुरू कर दी। अपराधियों ने दुकान का शटर गिरा दिया और करीब 50 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सुरजीत दास के पेट में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद भी सुरजीत और उनके साथियों ने हिम्मत दिखाते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अपराधी लूट की रकम लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बांध दिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन भी बरामद की है। पुलिस ने घायल व्यापारी सुरजीत दास और पकड़े गए आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Spread the love