Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए भारतीय रेलवे ने एक विशेष पहल की है। देश की पहली अत्याधुनिक ‘अमृत भारत 3.0’ ट्रेन को 11 नवंबर की मध्यरात्रि छठ पूजा स्पेशल ट्रेन के रूप में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पटना के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के रवाना होने के दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन छठ के पारंपरिक लोकगीतों से गूंज उठा। स्टेशन पर उत्सव और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। यात्रियों ने रेलवे की इस पहल का उत्साह के साथ स्वागत किया। अमृत भारत 3.0 ट्रेन को खासतौर पर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन, आधुनिक शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह ट्रेन आधुनिक पुश-पुल तकनीक से लैस है, जिससे बेहतर गति और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है। छठ महापर्व के दौरान दिल्ली से बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी और त्योहार के दौरान भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। भारतीय रेलवे की इस पहल को छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। रेलवे ने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।
छठ पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की संख्या: छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष प्रबंध किया है। यात्रियों, विशेषकर बिहार और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। उत्तर रेलवे के अनुसार, बुधवार (11 नवंबर) को दिल्ली क्षेत्र से कुल 34 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। इनमें 31 निर्धारित और तीन अनिर्धारित विशेष रेलगाड़ियां शामिल थीं। रेलवे के अनुसार, 11 नवंबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से 12, आनंद विहार से नौ, शकूरबस्ती से सात, हजरत निजामुद्दीन से चार, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी चलाई गई। वहीं, गुरुवार (12 नवंबर) को दिल्ली क्षेत्र से कुल 31 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित किया गया है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार टर्मिनल से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से पांच, दिल्ली जंक्शन से तीन, रोहतक से एक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। इसके अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ और मांग को देखते हुए अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी। उत्तर रेलवे ने शुक्रवार (13 नवंबर) के लिए भी 24 विशेष रेलगाड़ियों के संचालन की योजना बनाई है। इनमें नई दिल्ली से नौ, आनंद विहार से सात, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से एक, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष रेलगाड़ी शामिल है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों की भीड़ के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी।
