मेसरा: मनरखन महतो बीएड कॉलेज बीआईटी मोड़ केदल (रांची) के आईक्यूएसी द्वारा कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कॉलेज के शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाओं,पेंशन योजना,बीमा कवर और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है,और ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने में मदद मिलती है। निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि ईएसआई और ईपीएफ जैसी योजनाएं कर्मचारियों और उनके परिवारों को संकट के समय आर्थिक व चिकित्सीय संबल प्रदान करती हैं। वहीं,प्राचार्य डॉ दूढ़ेश्वर महतो ने सभी कर्मचारियों से इन योजनाओं की बारीकियों को समझने और अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर कॉलेज के ट्रस्टी वीरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पुनम कुमारी सहित कॉलेज के सभी व्याख्यातागण एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।
