SUNIL
साहिबगंज/बरहरवा: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से यात्रियों के तीन चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके बाद उसे कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 की देर रात करीब एक बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ जांच एवं छापेमारी अभियान चला रही थी। टीम में उपनिरीक्षक नंदन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा शामिल थे।
करीब 1:24 बजे ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर पहुंचने के दौरान एफओबी रैंप के नीचे एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी कमर से छिपाकर रखे गए तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास एक रेडमी-8 मोबाइल भी मिला, जिसे उसने अपना निजी मोबाइल बताया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान 26 वर्षीय आसिक शेख, पिता केताब शेख, निवासी मियापाड़ा, खालतीपुर, थाना कालियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि बरामद तीनों मोबाइल फोन उसने अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों से चोरी किए थे। इनमें दो मोबाइल ट्रेन संख्या 13148 उत्तरबंगा एक्सप्रेस से तथा एक मोबाइल ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर से चोरी किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसके विरुद्ध पश्चिम बंगाल के कालियाचक थाना क्षेत्र में चोरी एवं डकैती सहित अन्य आपराधिक मामलों के दो से तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
