प्रमोद मिंज के पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा व नौकरी मिले : अजय राय

360° Ek Sandesh Live


सिमडेगा : बोलबा में झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के अध्यक्ष अजय राय ने सिमडेगा विद्युत प्रमंडल अंतर्गत 33/11 पीएसएस बोलबा के 11 केवी कादोपानी फीडर पर कार्य के दौरान मानव दिवस कर्मी प्रमोद मिंज की दुर्घटना में हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत कर्मी के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और गंभीर चिंता का विषय है। अजय राय ने कहा कि 27 जून को कार्य के दौरान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रमोद मिंज को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने लगातार विभागीय अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी से संपर्क कर पीड़ित परिवार को तत्काल राहत एवं सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया, किंतु अब तक परिवार को कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है।उन्होंने कहा कि विभाग में लंबे समय से नॉन-टेक्निकल (अनस्किल्ड) मानव दिवस कर्मियों से स्किल्ड एवं जोखिमपूर्ण विद्युत कार्य कराए जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। यदि बिना समुचित प्रशिक्षण, सुरक्षा उपकरण और निर्धारित मानकों का पालन किए ऐसे कार्य कराए जा रहे हैं, तो यह अत्यंत गंभीर लापरवाही है। ऐसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य श्रमिक को अपनी जान न गंवानी पड़े।झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने झारखंड ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही दिवंगत प्रमोद मिंज के आश्रित परिवार के एक सदस्य को मानवीय आधार पर नौकरी प्रदान की जाए। श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। ऊर्जा निगम को यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में किसी भी मानव दिवस कर्मी से उसकी क्षमता एवं निर्धारित श्रेणी से बाहर जोखिमपूर्ण कार्य न कराया जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो। यदि इस मामले में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई तो झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Spread the love