By Anand
(चतरा): भाजपा नेता काली यादव की गिरफ्तारी को लेकर चतरा जिला के लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने जिला प्रशासन और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित और पूरी तरह एकतरफा करार दिया। श्री पासवान ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष रूप से काम करने के बजाय केवल एक पक्ष को निशाना बना रहा है और विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस गिरफ्तारी और विधायक के तीखे रुख से चतरा में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ सकता है। इसके साथ ही आगामी स्थानीय और क्षेत्रीय राजनीतिक समीकरणों पर भी इसका गहरा असर पड़ने की संभावना है। श्री पासवान ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने अपनी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई तुरंत बंद कर मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई, तो वे जनता के साथ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस बयान के बाद से ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
