News by Sunil
रांची : नेशनल यूनिवर्सिटी आॅफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ में छात्रों का वार्षिक महोत्सव अविर्भाव 6.0 गुरूवार से भव्य रूप से प्रारंभ हो गया। यह चार दिवसीय आयोजन 23 से 26 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम कुमार रजत थे। उन्होंने आधिकारिक रूप से महोत्सव का उद्घाटन करते हुए छात्रों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ जीवन कौशल सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अशोक आर. पाटिल ने महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए झारखंड की समृद्ध कला एवं संस्कृति से जुड़ाव को रेखांकित किया। वहीं, असिस्टेंट रजिस्ट्रार इंचार्ज डॉ. जिसु केतन पटनायक ने आयोजन समिति और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।यह महोत्सव खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का समग्र संगम है। खेल प्रतियोगिता को पूरी तरह के.एन प्रसाद को समर्पित किया गया है। केएन प्रसाद मेमोरियल खेल टूनार्मेंट में क्रिकेट, फुटबॉल, फुटसल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज और टेबल टेनिस शामिल हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गायन, नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी, मोनो एक्ट, चित्रकला, बैटल आॅफ बैंड्स और फैशन शो जैसी विविध विधाएं आयोजित की जा रही हैं। साहित्यिक गतिविधियों में मॉडल यूनाइटेड नेशन्स , वाद-विवाद, क्विज, कविता पाठ और ओपन माइक सत्र प्रमुख हैं। उद्घाटन दिवस पर आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशन्स सत्रों में वैश्विक सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय संबंध और कूटनीति पर गहन चर्चा हुई। संयुक्त राष्ट्र महासभा , लोकसभा सिमुलेशन, आॅल इंडिया पॉलिटिकल पार्टी मीट और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद जैसे मंचों पर प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।बास्केटबॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों ने उत्साह और ऊर्जा का शानदार प्रदर्शन किया।
