गुरिया में ग्रामीणों के सहयोग से लगा 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर, 10 दिन बाद स्कूल मोहल्ले में आई बिजली

360° Ek Sandesh Live

By अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): प्रतापपुर प्रखंड की बभने पंचायत अंतर्गत गुरिया गांव के स्कूल मोहल्ला में पिछले 10 दिनों से जले ट्रांसफार्मर के कारण छाया अंधेरा रविवार को समाप्त हो गया। ग्रामीणों एवं समाजसेवियों के सामूहिक सहयोग से यहां 63 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया, जिसका उद्घाटन स्थानीय मुखिया संगीता देवी एवं पंचायत समिति सदस्य पार्वती देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। जानकारी के अनुसार, ट्रांसफार्मर जल जाने से स्कूल मोहल्ला के दर्जनों परिवार पिछले 10 दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे थे। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण महिलाओं और समाजसेवियों ने आपसी सहयोग से आर्थिक योगदान एकत्र किया तथा स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान को स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग से शीघ्र नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर आवंटित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन से हजारीबाग से ट्रांसफार्मर लाकर गांव में स्थापित कराया। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल होने पर विधायक जनार्दन पासवान, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विद्युत विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर ट्रांसफार्मर बदलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Spread the love