Reports by अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) युवा मोर्चा प्रतापपुर प्रखंड में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। इसी कड़ी में 22 जुलाई (बुधवार) को प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राजा गढ़ के समीप धर्मशाला में दोपहर 1 बजे से प्रखंड स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में प्रखंड के सभी पंचायतों से युवा कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है। झामुमो युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राहुल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड स्तरीय कमेटी का विस्तार, संगठन में सक्रिय एवं ऊर्जावान युवाओं को नई जिम्मेदारियां सौंपना तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी की विचारधारा एवं सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
राहुल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में युवा मोर्चा अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कमेटी विस्तार के बाद संगठन पहले से अधिक मजबूत, सक्रिय और जनसरोकारों के प्रति उत्तरदायी बनेगा।उन्होंने प्रतापपुर प्रखंड के सभी पंचायतों के झामुमो युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगठन को मजबूती प्रदान करने की अपील की। साथ ही पार्टी के मुख्य संगठन (मेन विंग) के सभी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से भी बैठक में उपस्थित होकर युवा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन करने का अनुरोध किया।
