NEWS BY ASHOK ANANT
सजधजकर सोलह श्रृंगार कर की पूजा-अर्चना, पति की लंबी आयु की कामना
हंटरगंज (चतरा): प्रखण्ड में वट सावित्री व्रत को लेकर सुहागिन महिलाओं में विशेष उत्सुकता देखा गया।
वट सावित्री पूजा को लेकर एक दिन पूर्व से ही खरीदारी और तैयारी को लेकर वे स्वयं उत्साहित रहीं और शनिवार प्रातः से हीं सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक वेशभूषा मे पूजा की थाल सजाकर वट वृक्ष के पास पहुंचीं और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।प्रखण्ड के विभिन्न वट वृक्ष स्थलों पर पूजा को लेकर काफी चहल-पहल देखी गई। महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर धागा बांधा और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। पूजा स्थलों पर भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बना रहा।मान्यता है कि माता सावित्री ने अपने तप, श्रद्धा और संकल्प से अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाए थे। उसी परंपरा को निभाते हुए सुहागिन महिलाएं यह व्रत रखती हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह में पूजा कर एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की शुभकामनाएं दीं। पूजा को लेकर बाजारों में भी सुबह से भीड़ रही और श्रृंगार सामग्री, फल एवं पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी होती रही।
