Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत बड़ामारा पंचायत के चौठिया गांव स्थित बांधडीह टोला में सोमवार जंगली हाथी के हमले में वृद्धा दुलारी मुर्मू (72) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार दुलारी मुर्मू रोज की तरह सुबह अपने घर से चौठिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये दिया है, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके। साथ ही आश्वासन दिया गया है कि शेष मुआवजा राशि सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिसके कारण यह दुखद घटना घटी। उन्होंने बताया कि फिलहाल गांव के पास स्थित जंगल में दो हाथी डेरा डाले हुए हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों को जल्द से जल्द गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर खदेड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
