जंगली हाथी के हमले में फिर मारा गया एक ग्रामीण

360°

Eksandeshlive Desk

खूंटी : जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़सीदम के रायमुंडा जंगल में जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र स्थित जलासार सरामोडा निवासी करीब 65 वर्षीय सामुएल पूर्ति के रूप में की गई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि रनिया प्रखंड में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और परेशानी लगातार बढ़ रही है। प्रशासन से लोगों ने हाथियों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सामुएल पूर्ति शनिवार (2 मई) को घर से गढ़सीदम बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, पर कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच सोमवार को जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों ने शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान सामुएल पूर्ति के रूप में की। बताया जा रहा है कि जंगली हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। शव दो दिनों तक जंगल में ही पड़ा रहा। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेज दिया। वहीं, वन विभाग के प्रभारी वनपाल अविनाश लुगुन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को तत्काल 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

Spread the love