हथियार व कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

360° Ek Sandesh Live


रिपोर्ट -अशोक अनन्त

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, चाकू, बाइक व दो मोबाइल बरामद
चतरा । सदर थाना क्षेत्र के बिंड मोहल्ला स्थित शहादत चौक में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए कांड में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पहचान शहादत चौक निवासी मो अकबर उर्फ रोहित तथा मो समीर कुरैशी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सदर थाना में पूर्व से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह जानकारी सोमवार को एसपी अनिमेष नैथानी ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसपी ने बताया कि 16 अगस्त को सदर थाना क्षेत्र के बिंड मोहल्ला शहादत चौक में फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में मो शहजाद कुरैशी नामक युवक जख्मी हुआ था। मामले को लेकर सदर थाना कांड संख्या 346/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसपी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग कांड में शामिल दो आरोपी चतरा से कुल्लू मोड़ होते हुए हजारीबाग की ओर भागने की तैयारी में हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि दोनों में से एक के पास अवैध हथियार है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल्लू मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और फायरिंग की घटना में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

Spread the love