जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठी व पैलेट गन चलाना लोकतंत्र की हत्या : नूतन कुमारी

360° Ek Sandesh Live


रांची। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए बर्बर लाठीचार्ज में घायल छात्रा नूतन कुमारी ने मंगलवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे निहत्थे छात्रों पर जिस तरह बेरहमी से लाठियां बरसाई गईं, वह लोकतंत्र के माथे पर कलंक है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों का जवाब संवाद से देने के बजाय लाठी और दमन से दे रही है। कई अन्य छात्रों को गंभीर चोटें आईं, लेकिन सरकार के किसी प्रतिनिधि ने उनकी सुध तक नहीं ली। यह व्यवहार बताता है कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज से घबरा चुकी है। छात्रों के गूंज के संयोजक सह महानगर अध्य्क्ष कुमार राजा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के गृह मंत्री तत्काल देश को बताएं कि जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल होना यह केवल पुलिसिया ज्यादती नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों का निर्मम दमन है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए थी, वही सरकार उन्हें अपराधियों की तरह पीट रही है। आज देश का युवा रोजगार, शिक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन उसे लाठी और गोलियों से जवाब दिया जा रहा है। यह लोकतांत्रिक भारत नहीं, बल्कि भय और दमन की राजनीति का उदाहरण है। कुमार राजा ने कहा कि केंद्र सरकार स्पष्ट करे कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों से उसे इतना डर क्यों लग रहा है। यदि छात्रों पर बल प्रयोग करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि पूरा घटनाक्रम सरकार के इशारे पर हुआ। उन्होंने मांग की कि जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाए, बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई हो, घायल छात्रों को उचित उपचार और मुआवजा दिया जाय। भविष्य में छात्रों के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाए। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी और दमन से दबाया नहीं जा सकता। देश का युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा और कांग्रेस हर लड़ाई में छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।

Spread the love