रिपोर्ट – अजय राज
प्रतापपुर (चतरा): झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के सचिव तारकेश्वर दास के निदेर्शानुसार मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा नशा उन्मूलन, घरेलू हिंसा, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके चित्रों में सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता और सकारात्मक संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला। इस अवसर पर पीएलवी (अधिकार मित्र) गोविंद ठाकुर, नरेश प्रजापति व संदीप कुमार गुप्ता ने विधिक साक्षरता (लीगल लिट्रेसी) कक्षा का आयोजन कर छात्राओं को नशा उन्मूलन, घरेलू हिंसा, बाल विवाह सहित विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डेन व विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका सहित दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं के उत्साह और रचनात्मक सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
