जमशेदपुर बंद जनता के आक्रोश व जनसमर्थन का प्रतीक: पूर्णिमा

360° Ek Sandesh Live


जमशेदपुर। शहर में बढ़ते अपराध व बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आहूत जमशेदपुर बंद को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने इसे जनता के आक्रोश व जनसमर्थन का प्रतीक बताया है। दोनों नेताओं ने कहा कि शहरवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस तरह बंद को समर्थन दिया, उससे स्पष्ट हो गया है कि जनता अब अपराध व अराजकता के खिलाफ निर्णायक आवाज उठा रही है। विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि हाल के दिनों में शहर में हत्या, चेन स्नैचिंग, चापड़बाजी, नशे के बढ़ते कारोबार व लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में हुई जघन्य हत्या ने लोगों का विश्वास कानून व्यवस्था पर कमजोर किया है। ऐसे माहौल में जमशेदपुर बंद को मिला अभूतपूर्व समर्थन इस बात का संकेत है कि जनता अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहती है। उन्होंने कहा कि यह बंद राज्य सरकार व प्रशासन की कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफलता के खिलाफ जनता का लोकतांत्रिक विरोध है। उन्होंने मांग की कि चर्चित हत्या कांड में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा जनसुरक्षा व न्याय के मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल: दुलाल
वहीं, पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां ने भी बंद को जनता की भावनाओं का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों के बढ़ते मनोबल से आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जिसके कारण अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन इस बात का स्पष्ट संदेश है कि लोग अब सुरक्षित वातावरण व प्रभावी कानून व्यवस्था चाहते हैं। दुलाल भुईयां ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी व अपराध पर नियंत्रण तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।

Spread the love