विष्णुगढ़/हजारीबाग: कोनार डैम क्षेत्र को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के लिए डीवीसी की ओर से किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्यों को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। डैम मार्ग पर हाल ही में लगाई गई तिरंगा थीम आधारित आकर्षक सजावटी लाइटों को अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ पर्यटन विकास की दिशा में चल रहे प्रयासों को भी गहरा झटका लगा है। जानकारी के अनुसार, डीवीसी की ओर से कोनार डैम क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने व आगंतुकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डैम मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटों के साथ तिरंगा थीम की विशेष सजावटी लाइटें लगाई गई थीं। रात के समय इन लाइटों से पूरा मार्ग आकर्षक रोशनी से जगमगा उठता था, जिससे कोनार डैम की प्राकृतिक सुंदरता व भी निखर गई थी व पर्यटकों के बीच इसका आकर्षण लगातार बढ़ रहा था। इसी बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों ने लाइटों के तार काटकर व विद्युत उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर डीवीसी की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस घटना ने न केवल सरकारी संसाधनों को क्षति पहुंचाई है, बल्कि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाला है। घटना पर डीवीसी कोनार परियोजना के परियोजना प्रधान राणा रणजीत ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कोनार क्षेत्र के समग्र विकास, पर्यटन संवर्धन व स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना विकास विरोधी मानसिकता का परिचायक है व ऐसी घटनाएं पूरे समाज के हितों के विरुद्ध हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्य तभी सफल होंगे, जब समाज भी उनकी सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की हरकत दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल डीवीसी प्रबंधन अथवा स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र व प्रभावी कार्रवाई की जा सके। डीवीसी प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि जनसहयोग व प्रशासनिक सतर्कता के बल पर इस तरह की घटनाओं पर रोक लगेगी व कोनार डैम को एक सुरक्षित, सुंदर व देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में चल रहे प्रयास निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।
