By Mustaffa
ओरमांझी (रांची): ओरमांझी थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव में वर्षों से सुलग रहा जमीन और रास्ते का विवाद बिते रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया था। गोतिया भाइयों के बीच हुई इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कांड संख्या 102/26 के तहत कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त ज्योति प्रकाश महतो और प्रेम प्रकाश महतो (दोनों के पिता कालेश्वर महतो) को विधिवत गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सोमवार को उचित मार्ग एस्कॉर्ट के साथ माननीय न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मालूम हो कि,रविवार सुबह करीब आठ बजे आरोपी पक्ष रास्ते की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से मिट्टी गिरा रहे थे। प्रथम पक्ष के सुनील कुमार महतो द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपियों ने कुदाल,दबली और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि प्रेम प्रकाश महतो ने दबली से सुनील का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां लाखो देवी और पत्नी कलावती देवी को भी बेरहमी से पीटा गया,जिससे बुजुर्ग मां बेहोश हो गईं। हमलावर घर में घुसकर भी मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस झड़प में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार,कालेश्वर महतो और जगेश्वर महतो के परिवारों के बीच पिछले 10 वर्षों से यह विवाद चल रहा है। गांव में कई बार हुई पंचायतें भी इसे सुलझाने में नाकाम रहीं। इधर थाना प्रभारी मनोज़ कुमार कहा,मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज की गई है। दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
