रिपोर्ट : अशोक अनन्त
चतरा : सदर थाना पुलिस ने गोढ़ाई गांव के सनसनीखेज शाहजहां हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में स्थानीय निवासी मोहम्मद रियासत और मोहम्मद नियामत शामिल हैं। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल एक बाइक खऌ13ऊ-1069 और मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध कर हजारीबाग बाल सुधार गृह भेजा गया है। हालांकि, वारदात का मुख्य मास्टरमाइंड अब भी फरार है। यह खौफनाक वारदात 26 जून की रात की है। गोढ़ाई गांव में मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न ही हुआ था कि अचानक कुछ उपद्रवियों ने चाकूबाजी शुरू कर दी। इस हमले में 17 वर्षीय किशोर मोहम्मद शाहजहां पिता मो. आबिद अंसारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भतीजे को बचाने आए चाचा मोहम्मद साबीर पर भी ताबड़तोड़ वार किए गए, जो इस वक्त रांची रिम्स में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
थाने पहुंचे आक्रोशित ग्रामीण, पुलिस बोला ‘बख्शे नहीं जाएंगे कातिल’
घटना के बाद से ही इलाके में तनाव और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सदर थाने का घेराव किया। थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने आक्रोशित जनता को शांत कराते हुए कहा कि छह नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अवर निरीक्षक मो. कासिम अंसारी और एएसआई प्रवीण सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।
