By Bhaskar
विष्णुगढ़/हजारीबाग : प्रखंड अंतर्गत नरकी पंचायत भवन के सभागार में प्रतिभा सम्मान समारोह सह करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन करते हुए समाधान किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। सफल विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। मैट्रिक परीक्षा में बेबी कुमारी ने 464 अंक प्राप्त कर पंचायत के साथ-साथ पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया। वहीं गणेश कुमार महतो ने 385 अंक हासिल कर मॉडर्न उच्च विद्यालय, गोमिया के द्वितीय टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने भी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाया। इस अवसर पर आदर्श पब्लिक स्कूल के निदेशक डिलेश्वर कुमार महतो ने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और आगे बढ़ाने के लिए उनका मनोबल बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। यदि बच्चों की सोच सकारात्मक रहे तो वे जीवन में कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य वक्ता के रूप में ग्रेट इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के निदेशक सुनील कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का महत्व सर्वोपरि है। शिक्षा के बिना मनुष्य का विकास संभव नहीं है। वहीं अतिथि प्रदीप कुमार महतो ने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से एक न एक दिन सफलता अवश्य मिलती है। कार्यक्रम में समाजसेवी अशोक गंझु, वार्ड सदस्य लखन मुर्मू, समाजसेवी मनोज महतो सहित मैट्रिक एवं इंटर में सफल विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
