MUSTFA
मेसरा/राँची: शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए, राजधानी के डूमरदगा बुटी जुमार पुल स्थित मनन विद्या मनरखन महतो स्कूल में शनिवार को उत्सव सा माहौल रहा। विद्यालय परिसर में दो विशेष आयोजनों: नन्हे बच्चों के लिए समर कैंप और वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए इंटर-हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सह चेयरमैन मनरखन महतो, उर्मिला देवी, निदेशक मनोज कुमार महतो, प्रबंधक मुकेश कुमार महतो एवं प्राचार्या रेखा नायडू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर खेल के मैदान में उत्साह तब चरम पर पहुँच गया, जब चेयरमैन मनरखन महतो ने बल्ला थामा और निदेशक मनोज कुमार महतो ने सधी हुई गेंदबाजी कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। बड़ों को पिच पर खेलते देख छात्र जोश से भर उठे। वहीं, चेयरमैन मनरखन महतो, हमारा लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करना है जो जीवन की हर चुनौती के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार हो। निदेशक मनोज कुमार महतो ने कहा कि, खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे सशक्त आधार है। मैदान पर हार-जीत से ज्यादा खिलाड़ी की भावना मायने रखती है। प्राचार्या रेखा नायडू ने कहा, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क बसता है। बैगलेस डे और खेल प्रतियोगिताओं जैसे आयोजन बच्चों के भीतर दबे आत्मविश्वास को बाहर निकालने का काम करते हैं। प्राथमिक वर्ग (नर्सरी से कक्षा 1) के बच्चों के लिए आयोजित समर कैंप आकर्षण का केंद्र रहा। बैगलेस डे के अवसर पर नन्हे मुन्नों ने बस्ते के बोझ को पीछे छोड़ संगीत, कला, शिल्प (क्राफ्ट) और रचनात्मक खेलों का आनंद लिया। वहीं कक्षा 2 से 12 तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जहाँ खिलाड़ियों ने बेहतरीन टीम वर्क का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्टी वीरेंद्रनाथ ओहदार, खुशबू सिंह, कृति काजल, एडमिनिस्ट्रेटर मीना कुमारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे कलाकारों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
