मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बाबा आम्रेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना

Religious

Eksandeshlive Desk

खूंटी : झारखंड सरकार के मुख्य सचिव अविनाश कुमार रविवार को अपनी पत्नी के साथ प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा आम्रेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने स्वयंभू भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उनके आगमन पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के दौरान मुख्य सचिव ने भगवान भोलेनाथ को 35.5 किलोग्राम का नागदेव अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने धाम परिसर स्थित विभिन्न मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

धाम परिसर का भ्रमण करने के बाद मुख्य सचिव ने वहां की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। उनका कहना था कि जहां प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व का समन्वय होता है, ऐसे स्थलों को बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। अविनाश कुमार ने कहा कि बाबा आम्रेश्वर धाम के निकट बनई नदी पर उच्चस्तरीय पुल के निर्माण को लेकर राज्य सरकार गंभीर है और इस दिशा में शीघ्र पहल की जाएगी। उन्होंने धाम में उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। इस अवसर पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव ने मुख्य यजमान के रूप में भगवान भोलेनाथ को नागदेवता अर्पित किया। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से राज्य सरकार से बाबा आम्रेश्वर धाम में जिला महोत्सव आयोजित कराने की मांग भी की गई, ताकि धार्मिक पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिल सके। इस मौके पर बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, उपाध्यक्ष आनंद वर्मा, उपेंद्र कश्यप, श्रीपाल जैन, परिमल घोष, जगदीश नाग, महेंद्र भगत, कैलाश भगत, नरेंद्र अधिकारी सहित समिति के अनेक सदस्य, जिला प्रशासन के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Spread the love