Ashutosh Jha
काठमांडू : नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश के कैलाली ज़िले के धनगढी उप-महानगरपालिका-12 में सिद्धनाथ माध्यमिक विद्यालय के भवन निर्माण हेतु सोमवार को काठमांडू स्थित भारतीय राजदूतावास के प्रथम सचिव नारायण सिंह द्वारा शिलान्यास किया गया। विद्यालय भवन का निर्माण भारत सरकार की ओर से लगभग नेपाली रुपये 3.6 करोड़ की वित्तीय सहायता से किया जा रहा है। यह उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) धनगढी उप-महानगरपालिका, कैलाली के माध्यम से कार्यान्वित की जाएगी।
धनगढी उप-महानगरपालिका, कैलाली के मेयर तथा अन्य हितधारकों ने भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे विकासात्मक सहयोग की सराहना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह नया आधारभूत ढाँचा धनगढी उप-महानगरपालिका, कैलाली में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए शिक्षण वातावरण को और बेहतर बनाने में सहायक होगा। निकट पड़ोसी देशों के रूप में भारत और नेपाल व्यापक तथा बहु-क्षेत्रीय सहयोग में संलग्न हैं। HICDP परियोजनाओं का कार्यान्वयन, प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विकास और प्रगति को बढ़ावा देने हेतु नेपाल सरकार के प्रयासों को मजबूत करने में भारत सरकार के निरंतर सहयोग को दर्शाता है।
