ओरमांझी में गोतियों का तांडव: विकलांग युवक का हाथ तोड़ा,बीच-बचाव करने गई सास को भी पीटा

360° Ek Sandesh Live

BY Mustaffa

राँची: ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुटुपालू गांव में आपसी रंजिश को लेकर गोतियों ने एक विकलांग युवक और उसकी सास पर लाठी-डंडे तथा टांगी (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में पैर से विकलांग युवक शिवलाल कुमार का दाहिना हाथ टूट गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वहीं,दामाद को बचाने दौड़ी सास शीला देवी (पति स्व. केतरन महतो) को भी आरोपियों ने लात-घूंसों व लाठी से बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना को लेकर पीड़िता ने ओरमांझी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। ​दर्ज शिकायत के अनुसार,घटना 13 जुलाई की रात करीब 10 बजे की है,जब शिवलाल कुमार खाना खाकर अपने कुछ साथियों के साथ काम के सिलसिले में तिलैया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गोतिया होरिल महतो, डगा महतो,चरिया महतो और नीलमनी देवी ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों ने शिवलाल की अपाचे मोटरसाइकिल (संख्या जेएच 24 जे 3757) को भी तोड़फोड़ कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ​शोर सुनकर जब सास शीला देवी दामाद को बचाने दौड़ीं,तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसी बीच आरोपी परि महतो ने उनके गले से चांदी की सिकरी (चेन) झपट ली। जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि अगर ज्यादा शोर मचाया,तो टांगी से काटकर फेंक देंगे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पूर्व में भी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते रहे हैं,लेकिन इस बार उन्होंने अति कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। इधर,पु.नि. सह थाना प्रभारी ओरमांझी ने कहा कि,पीड़िता के लिखित आवेदन पर सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है। कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है,जल्द ही वे गिरफ्त में होंगे।

Spread the love