सब्जियों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलटा

360° Ek Sandesh Live Road Accident

Amit Ranjan

कोलेबिरा/सिमडेगा: लोहरदगा से राउरकेला जाने के क्रम में कोलेबिरा थाना क्षेत्र के जमटोली के पास गुरुवार को सब्जियों से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में वाहन पर लदी बड़ी मात्रा में हरी सब्जियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में पत्ता गोभी, कद्दू, खीरा, फरसबीन समेत विभिन्न प्रकार की ताजी सब्जियां लदी हुई थीं, जिन्हें लोहरदगा से राउरकेला के बाजार में बिक्री के लिए भेजा जा रहा था। इसी दौरान जमटोली के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन पलट गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर सब्जियां बिखर गईं और काफी मात्रा में सब्जियां खराब हो गईं। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर कोलेबिरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन से बची हुई सब्जियों को दूसरे पिकअप वाहन में लोड कर राउरकेला के लिए रवाना किया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं वाहन मालिक को इस दुर्घटना से आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।

Spread the love