मेसरा/ओरमांझी: रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित ओरमांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोल प्लाजा के पास बुधवार दिन के करीब 11:20 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। यहाँ एक चलती निसान टेरानो कार (रजिस्ट्रेशन संख्या-जेएच 02 बीयू 9129) में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए,जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। मिली जानकारी के अनुसार,हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस ऑफिस रोड निवासी सुकेश सहाय (57 वर्ष,पिता स्व.भैया द्वारिका नाथ सहाय) अपने परिजनों के साथ उक्त कार से हजारीबाग से रांची आ रहे थे। कार को सुकेश सहाय खुद ही चला रहे थे। इसी दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी ओरमांझी टोल प्लाजा के समीप पहुँची,इंजन से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। गाड़ी से धुआं निकलता देख चालक सुकेश सहाय ने तुरंत गाड़ी को सड़क के किनारे रोका। आग की लपटें तेज होने से पहले ही कार में बैठे सभी लोग तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकल गए। देखते ही देखते कार धूं-धूं कर जलने लगी। इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
