पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नहीं मिलने से नर्सिंग छात्राएं परेशान, विधायक को सौंपा ज्ञापन

Education

Eksandeshlive Desk

खूंटी : पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति की लंबित राशि के भुगतान में हो रही देरी से परेशान नर्सिंग छात्राओं ने सोमवार को खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र छात्रवृति भुगतान की मांग की। छात्राओं ने कहा कि कल्याण विभाग से मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि समय पर नहीं मिलने के कारण वे कॉलेज की फीस जमा नहीं कर पा रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने बताया कि फीस का भुगतान नहीं होने से कई शिक्षण संस्थानों में परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। इससे जिले के सैकड़ों अनुसूचित जनजाति (एसटी), अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है।

ज्ञापन के माध्यम से छात्राओं ने मांग की कि लंबित पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि अविलंब जारी की जाए। साथ ही, जब तक छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक राज्य सरकार सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दे कि विद्यार्थियों से फीस लिए बिना परीक्षा फॉर्म भरने और अगले सत्र में नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दी जाए। छात्राओं ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति उच्च शिक्षा का प्रमुख सहारा है। समय पर राशि नहीं मिलने से कई छात्र-छात्राओं के सामने पढ़ाई छोड़ने तक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति भुगतान में देरी का सबसे अधिक असर आदिवासी और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद खूंटी विधायक ने छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को संबंधित विभाग और राज्य सरकार के मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि लंबित छात्रवृत्ति राशि जल्द जारी हो सके और विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। छात्राओं ने सरकार से जल्द पहल करते हुए लंबित छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी विद्यार्थी की शिक्षा प्रभावित न हो।

Spread the love