प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई और राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर हंगामा, संसद की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली : लोकसभा और राज्यसभा में शुक्रवार को विपक्षी दलों के सदस्यों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई और राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। छात्रों पर हुई पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। लोकसभा और राज्यसभा में शुक्रवार को भी सत्तापक्ष-विपक्ष में टकराव की स्थिति बनी रही। विपक्ष के हंगामे के चलते राज्यसभा के बाद लोकसभा की कार्यवाही भी 3 अगस्त सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिनभर के स्थगित कर दी गई है। इससे पहले लोकसभा में विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी रहा। इस वजह से सदन की कार्यवाही शुरू होते ही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद हंगामे के बीच लोकसभा ने जन्म और मृत्यु के पंजीकरण संबंधी कानून में संशोधन करने के प्रावधान वाले विधेयक को बिना चर्चा के पारित कर दिया गया।

राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक के लिए स्थगित : राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार को विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी के कारण दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। अब सदन की अगली बैठक 3 अगस्त (सोमवार) को सुबह 11 बजे होगी। सदन की बैठक शुरू होते ही आवश्यक पत्र पटल पर रखे गए। इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने की अनुमति देने की मांग की। सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने बाद में खरगे को अपनी बात रखने की अनुमति दी लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम 267 के तहत दिए गए किसी भी नोटिस को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस निर्णय के बाद विपक्षी सदस्यों ने पेपर लीक और राममंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। लगातार हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। हंगामे के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह सदन में ‘सड़क छाप राजनीति’ कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री सदन में उपस्थित हैं लेकिन विपक्ष सदन की गरिमा के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और संविधान की मर्यादा को तार-तार किया जा रहा है तथा विपक्ष केवल अराजकता फैलाकर हंगामा खड़ा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि जनता से विपक्ष का कोई सरोकार नहीं है और देश सबकुछ देख रहा है। विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी जारी रहने पर सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। अब सदन की अगली बैठक 03 अगस्त को सुबह 11 बजे होगी।

Spread the love