Eksandeshlive Desk
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संकट के दौरान वहां वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में अब तक 23 भारतीयों की मौत हो चुकी है। इसमें से 15 नाविक थे। इसके अलावा यूक्रेन संघर्ष के बीच काला सागर में वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में अब तक 5 भारतीय मारे जा चुके हैं और दो लापता हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नियमित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय पश्चिम एशिया की स्थिति और उससे जुड़े घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भारत लगातार बातचीत और कूटनीति को समर्थन देता आया है और सभी पक्षों से शांति और स्थिरता की बहाली सुनिश्चित करने का आग्रह करता रहा है। उन्होंने कहा कि संघर्ष से अब तक कई लोग हताहत हुए हैं और घटनाक्रम न केवल क्षेत्र की जनता बल्कि विश्वभर में लोगों के जीवन को प्रभावित कर रहा है।
एक अन्य घटनाक्रम में विदेश मंत्रालय ने बताया कि रूस के विदेश मंत्री और जयशंकर के बीच हाल ही में जी-20 से इतर मुलाकात हुई। दोनों विदेश मंत्री पहले भी मिल चुके हैं। इस बार अटलांटा (अमेरिका) में मुलाकात के दौरान दोनों विदेश मंत्रियों ने यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष और द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय हितों के कई मुद्दों पर चर्चा की है।
