Eksandeshlive Desk
पूर्वी सिंहभूम : मानगो गुरुद्वारा रोड में बुधवार को हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड की जांच के दौरान देर रात पुलिस और मुख्य आरोपित साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो पिस्टल और चार खोखा भी बरामद किए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार राहुल बच्चा की हत्या के बाद मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे अपने तीन साथियों के साथ बुधवार देर रात पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने पहुंचा था। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में प्रयुक्त हथियारों को मानगो रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची।
पुलिस का दावा है कि हथियार बरामदगी के दौरान शब्बे ने अचानक भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सब-इंस्पेक्टर संजय द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया और इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उसकी स्थिति फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में है। घटनास्थल से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, एक अन्य पिस्टल तथा चार खोखा बरामद किए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल राहुल बच्चा हत्याकांड या अन्य किसी आपराधिक घटना में हुआ था या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ और हथियार बरामदगी की पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या की साजिश, हथियारों की व्यवस्था तथा घटना में सभी की भूमिका की जांच की जा रही है। इससे पहले आत्मसमर्पण के बाद पूछताछ में मुख्य आरोपित शब्बे ने हत्या के पीछे अपनी कहानी भी पुलिस को बताई। उसने दावा किया कि राहुल बच्चा लगातार उसकी और उसके भाइयों की रेकी कर रहा था। आरोपित के अनुसार कुछ महीने पहले बंगाल क्लब के पास उस पर गोली चलाई गई थी और डिमना चौक के पास भी उस पर हमला हुआ था। उसका कहना था कि लगातार मिल रही धमकियों और हमले की आशंका के कारण उसने यह कदम उठाया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि राहुल बच्चा की हत्या गोली मारकर नहीं, बल्कि ईंट-पत्थर से हमला कर की गई। उसने कहा कि घटना पर उसे पछतावा है, लेकिन उसके अनुसार यदि वह ऐसा नहीं करता तो उसके परिवार के किसी सदस्य की जान जा सकती थी। हालांकि पुलिस आरोपित के इन दावों का सत्यापन वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और करीब छह महीने पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि राहुल बच्चा और साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच मानगो पोस्ट ऑफिस रोड की एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच इसी बात को लेकर कई बार तनाव और विवाद की स्थिति बनी थी। पुलिस का मानना है कि पुरानी दुश्मनी और प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद ने अंततः इस हत्याकांड का रूप ले लिया। संयोगवश हत्या का घटनास्थल भी संबंधित युवती के घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। फिलहाल पुलिस हत्या, मुठभेड़ और हथियार बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य और आरोपित से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
