रांची की बेटी पलक का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन,श्रीलंका के खिलाफ खेलेंगी श्रृंखला

360° Ek Sandesh Live

By Mustaffa

​मेसरा (रांची): रांची जिले के ग्रामीण परिवेश से निकलकर एक और बेटी ने देश के खेल मानचित्र पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। ओरमांझी की बेहद प्रतिभाशाली ऑलराउंडर क्रिकेटर कुमारी पलक का चयन भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा पलक का चयन आगामी श्रीलंका दौरे के लिए किया गया है,जहां भारतीय टीम तीन टी-20 और तीन एकदिवसीय (ओडीआई) मैचों की श्रृंखला खेलेगी। इस खबर के आते ही पूरे रांची जिले और खासकर ओरमांझी क्षेत्र के खेल प्रेमियों,अभिभावकों और युवा खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। ​आरटीसी कॉलेज ओरमांझी की इंटर की छात्रा और महज 16 वर्षीय कुमारी पलक लंबे समय से बूटी क्रिकेट क्लब का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इससे पहले उन्होंने झारखंड महिला अंडर-19 मैचों में अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर बीसीसीआई के प्रतिष्ठित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जोनल कैंप (बेंगलुरु) में जगह बनाई थी,जहां देश की चुनिंदा प्रतिभाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। बेहद कम उम्र में अंडर-19,अंडर-23 और सीनियर रणजी स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी पलक ने आखिरकार राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। ​पलक की इस स्वर्णिम सफलता के पीछे संघर्ष और हौसले की एक ऐसी कहानी है,जो हर किसी को प्रेरित करती है। पलक के सिर पर पिता का साया नहीं है। पिता के असमय चले जाने के बाद उनकी माँ ने अकेले दम पर पूरे परिवार को संभाला। पलक की माँ झारखंड पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में रांची में ही अपनी सेवाएं दे रही हैं। पुलिस की 24 घंटे की कठिन और व्यस्त ड्यूटी के बावजूद,उन्होंने पलक के अभ्यास और खेल की जरूरतों में कभी कोई कमी नहीं आने दी। माँ के इसी संघर्ष और हिम्मत की बदौलत आज पलक ने देश की नीली जर्सी पहनने का गौरव हासिल किया है। बूटी क्रिकेट क्लब के कोच पंचित कुमार महतो ने पलक को बधाई देते हुए कहा,पलक वर्ष 2019 से लगातार कड़ा प्रशिक्षण ले रही हैं। घरेलू परिस्थितियां आसान नहीं थीं,लेकिन पलक का अनुशासन,क्रिकेट के प्रति जुनून और उसकी कड़ी मेहनत अद्भुत है। उसने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी अभ्यास नहीं छोड़ा। मुझे पूरा विश्वास है कि श्रीलंका की धरती पर भी वह अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और झारखंड का नाम पूरे विश्व में रोशन करेंगी। ​पलक की इस लगातार बढ़ती उपलब्धियों पर पूर्व रणजी व आईपीएल खिलाड़ी मोनू सिंह ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने पूर्व में ही पलक को एक कार्यक्रम के दौरान मोमेंटो देकर सम्मानित किया था और उम्मीद जताई थी कि वह जल्द ही भारतीय टीम की जर्सी में नजर आएंगी,जो आज सच साबित हुआ है। खेल जानकारों का मानना है कि अर्द्ध-शहरी परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पलक की यह ऐतिहासिक कामयाबी झारखंड की अन्य युवा बेटियों को भी आगे बढ़ने की एक बड़ी प्रेरणा देगी।

Spread the love