रांची मंडल में इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026 का समापन

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची रेल मंडल में रेल कर्मचारियों के बीच खेल भावनाए टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार आयोजित इंटर डिपार्टमेंटल स्पोर्ट्स मीट-2026 का सोमवार को हॉकी स्टेडियम, हटिया में समापन हुआ। समापन समारोह के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/सेरसा, रांची करुणा निधि सिंह द्वारा विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (सेरसा), रांची द्वारा आयोजित इस स्पोर्ट्स मीट में मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, शतरंज, कैरम, तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। स्पोर्ट्स मीट में इंजीनियरिंग विभाग ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि मैकेनिकल विभाग उपविजेता रहा। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं विजेता टीमों को मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष/सेरसा, रांची करुणा निधि सिंह द्वारा मेडल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल कर्मचारियों में अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विशेष रूप से स्पोर्ट्स ऑफिसर एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, सहायक स्पोर्ट्स अधिकारी आशुतोष कुमार सिन्हा तथा सेरसा के सचिव ओम प्रकाश ठाकुर के योगदान की सराहना की और आयोजन के सफल संचालन के लिए उन्हें बधाई दी। समापन समारोह के अवसर पर वॉलीबॉल एवं शतरंज अकादमी का उद्घाटन भी किया गया। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। सेरसा द्वारा संचालित इन स्पोर्ट्स अकादमियों में रेलवे के अलावा अन्य खिलाड़ी भी नामांकन करा सकते हैं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजू तिर्की, वरिष्ठ मंडल अभियंता; समन्वयद्ध साकेत कुमार, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन, वरिष्ठ मंडल दूरसंचार अभियंता विवियन मरांडी, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक जयवर्धन कुमार, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक लक्ष्मण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

Spread the love