BY SUNIL VERMA
रांची: कांके स्थित रिनपास के क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग की ओर से बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला-सह-क्षमता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईसीएसएसआर मेजर प्रोजेक्ट 39/2025 के सहयोग से जे. ई. धुंजीभॉय एकेडमिक एंड रिसर्च सेंटर में आयोजित इस कार्यशाला का विषय बौद्धिक दिव्यांगता के लिए प्रमाणन प्रक्रिया था। यह कार्यशाला झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से नामित रांची और खूंटी जिले के 37 सरकारी स्कूलों के स्पेशल एजुकेटर्स के लिए आयोजित की गई थी। इसमें प्रोजेक्ट स्टाफ और वॉलंटियर्स ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन रिनपास की निदेशक डॉ. जयती सिमलाई ने किया। इस अवसर पर क्लिनिकल साइकोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अमूल रंजन सिंह और कउररफ प्रोजेक्ट की डायरेक्टर डॉ. मसरूर जहां विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। उद्घाटन भाषण में डॉ. जयती सिमलाई ने कहा कि बौद्धिक दिव्यांगता से ग्रस्त बच्चों की शीघ्र पहचान और समय पर सही जगह रेफर करना बेहद जरूरी है। इससे बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। डॉ. मसरूर जहां ने कार्यशाला की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण स्पेशल एजुकेटर्स को फील्ड में आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा।तकनीकी सत्र में तीन विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रो. अमूल रंजन सिंह ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए पात्रता, मूल्यांकन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया। डॉ. मसरूर जहां ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 और 2024 के तहत बौद्धिक दिव्यांगता की परिभाषा और मानदंडों को समझाया। वहीं डॉ. अनुराधा वत्स, जो दीपशिखा रांची में नेशनल ट्रस्ट की स्टेट कोआॅर्डिनेटर हैं, ने दिव्यांगजनों के लिए चल रही सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में स्पेशल एजुकेटर्स ने अपने अनुभव साझा किए और प्रमाणन के दौरान आने वाली बाधाओं और मदद के रास्तों पर चर्चा की। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया और सभी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
